New Tata Safari
ऑटो इंडस्ट्री

कार सेल्स अप्रैल 2022: दोगुना बढ़ी टाटा कारों की बिक्री,  लगातार गिरावट के दौर से गुजर रही मारुति-हुंडई

अप्रैल 2022 की कार सेल्स रिपोर्ट सामने आ चुकी है। चिप्स शॉर्टेज की वजह से जहां कुछ ब्रांड्स की सेल्स में गिरावट दर्ज की गई है तो वहीं देश की कई कार मैन्युफैक्चरर्स की सेल्स ने दोगुना रफ्तार हासिल की है।सेल्स में गिरावट का दौर देख रही कंपनियों ने चिप्स शॉर्टेज और कंपोनेंट सप्लाय के वैश्विक संकट का हवाला दिया है जिससे उनके प्रोडक्शन संबंधी कामकाज पर इसका गहरा असर पड़ रहा है।  आगे जानिए अप्रैल 2022 में कौनसी कंपनी रही ज्यादा कारें बेचने में अव्वल और किसे हुआ नुकसान

मारुति सुजुकी सेल्स अप्रैल 2022 

मारुति Dzire CNG

मारुति सुजुकी ने अप्रैल 2022 में  1,21,995 यूनिट्स कारें बेची मगर कंपनी को 10.22 प्रतिशत की सालाना सेल्स में गिरावट मिली है। पिछले साल अप्रैल के महीने में मारुति ने 1,35,879  कारें बेची थी। इसके अलावा मार्च 2022 की तुलना में अप्रैल 2022 में भी कंपनी की कारें कम बिकी है और उसे 8.86 प्रतिशत का मासिक नुकसान हुआ है। 

मारुति सुजुकी की ऑल्टो और एस-प्रेसो की सेल्स बुरी तरह गिरने लगी है। अप्रैल 2022 में कंपनी ने मिनी कार सेगमेंट की अपनी 17,134 यूनिट्स कारें बेची जबकि अप्रैल में मारुति की छोटी कारों की 25,041 यूनिट्स बेची थी। मारुति की बलेनो,सिलेरियो,डिजायर,​इग्निस,स्विफ्ट,टूर एस और वैगन आर जैसी कॉम्पैक्ट हैचबैक कारों की सेल्स में भी बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। कंपनी ने अप्रैल 2022 में 59,184 यूनिट्स कॉम्पैक्ट कारें बेची तो वहीं पिछले साल इसी महीने में मारुति ने इन्हीं कारों की 72,318 यूनिट्स बेची थी। 

हुंडई सेल्स अप्रैल 2022 

Hyundai Creta specs

हुंडई सेमी कंडक्टर और पार्ट्स की कमी से जूझ रही है जहां उसके प्रोडक्शन और सेल्स पर भी इसका असर पड़ रहा है। अप्रैल 2022 में हुंडई की सेल्स में 10 प्रतिशत की कमी आई है। पिछले महीने हुंडई ने 44,001 कारें बेची जबकि पिछले साल अप्रैल में कंपनी ने 49,002 यूनिट्स कारें बेची थी। मार्च 2022 में हुंडई को 44,600  यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था ऐसे में उसकी मासिक सेल्स ग्रोथ में हल्की सी गिरावट आई है। 

घरेलु बाजार में भले ही हुंडई की सेल्स गिर रही हो मगर कंपनी के प्रोडक्ट एक्सपोर्ट में जरूर सुधार आया है। अप्रैल 2022 में हुंडई ने यहां से 12,200 कारों को एक्सपोर्ट किया जबकि 2021 अप्रैल में कंपनी ने 10,201 यूनिट्स को एक्सपोर्ट किया था। 

टाटा सेल्स अप्रैल 2022 

Tata Nexon Dark Edition

नई रेंज की एसयूवी कारें उतारने का टाटा को काफी फायदा हुआ है जहां अब दोगुना रफ्तार से कंपनी की कारें बिक रही है। यदि टाटा के सेल्स के आंकड़े लगातार यूं ही बढ़ते रहे तो ये हुंडई को एक बार फिर पछाड़कर देश का दूसरा सबसे बड़ा ब्रांड बन सकता है। घरेलु बाजार में कार बेचने के मामले में टाटा को 66 प्रतिशत की सालाना बढ़त हासिल हुई है। अप्रैल 2022 में टाटा ने यहां 41,587 कारें बेची जबकि अप्रैल 2021 में ये आंकड़ा 25,095 यूनिट्स था। हालांकि कंपनी की मासिक सेल्स में 1.67 प्रतिशत की हल्की गिरावट जरूर देखी गई है। 

अप्रैल 2022 में टाटा ने इंटरनल कंबस्शन इंजन वाली कारों की 39,265 यूनिट्स बेची जो पिछले साल अप्रैल के मुकाबले में 60 प्रतिशत ज्यादा है। अप्रैल 2022 में टाटा ने 2,322 यूनिट्स इलेक्ट्रिक कारें बेची। जबकि पिछले साल अप्रैल में टाटा ने 581 कारें बेची थी। 

टोयोटा सेल्स अप्रैल 2022 

New Toyota Glanza CNG Mileage

अप्रैल 2022 में टोयोटा की सेल्स में 57 प्रतिशत की ईयरली ग्रोथ दर्ज हुई है। पिछले महीने कंपनी ने 15,085 यूनिट्स कारें बेची जबकि पिछले साल अप्रैल में कंपनी ने 9600 यूनिट्स कारें ही बेची थी। हालांकि टोयोटा की मासिक सेल्स में 11.94 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है क्योंकि मार्च 2022 में कंपनी ने 17,131 यूनिट्स कारें बेची थी। कंपनी का कहना है कि उसकी क्रिस्टा,फॉर्च्यूनर और लिजेंडर एवं कैमरी हाइब्रिड जैसे प्रोडक्ट्स को अच्छे खासे बुकिंग के आंकड़े मिल रहे हैं। वहीं हाल ही में लॉन्च हुई ग्लैंजा फेसलिफ्ट को भी अब अच्छा खासा बुकिंग का आंकड़ा प्राप्त हो रहा है। जल्द ही टोयोटा की ओर से अर्बन क्रुजर का नया मॉडल भी लॉन्च किया जाएगा जिसके बाद दिवाली तक टोयोटा एक नई मिड साइज एसयूवी भी मार्केट में उतारेगी। 

महिंद्रा कार सेल्स अप्रैल 2022 

Mahindra XUV300 Features

अप्रैल 2022 में महिंद्रा की सेल्स में भी इजाफा हुआ है। कंपनी ने अप्रैल 2022 में 22,526 यूनिट्स पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री की जो अप्रैल 2021 के मुकाबले 23 प्रतिशत ज्यादा बिके। कंपनी के यूटिलिटी व्हीकल्स के साथ साथ कार और वैन को अच्छी खासी डिमांड मिल रही है। महिंद्रा एक्सयूवी700,थार,बोलेरो,स्कॉर्पियो और एक्सयूवी300 कंपनी के बेस्ट सेलिंग प्रोडक्ट्स रहे हैं। हालांकि मार्च 2022 में जहां महिंद्रा ने 27,603 यूनिट्स कारें बेची थी तो वहीं अप्रैल 2022 में कंपनी इससे 5,077 यूनिट्स कम कारें बेची है। 

एमजी कार सेल्स अप्रैल 2022 

MG Astor India

दूसरी कंपनियों की तरह एमजी मोटर्स को भी सेमी कंडक्टर चिप्स की शॉर्टेज का सामना करना पड़ रहा है। इसका कंपनी की सेल्स पर पड़ रहा है जिसमें लगातार गिरावट का दौर जारी है। अप्रैल 2022 में एमजी ने 2008 यूनिट्स कारें बेची है जबकि पिछले साल एमजी को अप्रैल के महीने में 2565 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था और अब कंपनी की ईयरली सेल्स में 22 प्रतिशत की गिरावट देखी जा सकती है। कंपनी ने ग्लोबल सप्लाय चेन में आ रही बाधाओं का हवाला दिया है। हालांकि एमजी का कहना है कि उसकी एस्टर,हेक्टर और ग्लोस्टर जैसे प्रोडक्ट्स को बुकिंग के अच्छे खासे आंकड़े मिल रहे है। कंपनी का दावा है कि इस वक्त एस्टर एसयूवी को हर महीने 1000 बुकिंग का आंकड़ा मिल रहा है। हाल ही में एमजी ने देश में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ हाथ मिलाया है। 

स्कोडा कार सेल्स अप्रैल 2022

Skoda Slavia Price

कुशाक और स्लाविया जैसे प्रोडक्ट्स के दम पर स्कोडा ऑटो इंडिया को अप्रैल 2022 में 436 प्रतिशत की ईयरली सेल्स ग्रोथ हासिल हुई है। कंपनी ने अप्रैल 2022 में 5,152  यूनिट्स कारें बेची थी जबकि पिछले साल अप्रैल में स्कोडा की सिर्फ 961 यूनिट्स कारें ही बिकी थी। लॉन्च होने के एक महीने के भीतर ही स्कोडा स्लाविया को 10,000 यूनिट्स बुकिंग का आंकड़ा मिल चुका है। इसी तरह कुशाक एसयूवी को भी अच्छे खासे बुकिंग के आंकड़े मिल रहे है। हाल ही में स्कोडा कुशाक के दो नए वेरिएंट भी लॉन्च हुए हैं। 

होंडा कार सेल्स अप्रैल 2022 

Honda City

अप्रैल 2022 में होंडा ने 7,874 यूनिट्स कारें बेची है जबकि पिछले साल इस महीने कंपनी ने  9,072 यूनिट्स कारें बेची थी। कंपनी की सालाना सेल्स ग्रोथ में 13.21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि होंडा की मंथली सेल्स 19.5 प्रतिशत बढ़ी भी है। बता दें कि होंडा भारत में अपनी सिटी सेडान के हाइब्रिड मॉडल को लॉन्च करने जा रही है जिसकी शुरूआती यूनिट्स पहले ही 6 महीने के लिए बुक हो चुकी है। 

किआ इंडिया कार सेल्स अप्रैल 2022 

2022 Kia Sonet Launch

किआ इंडिया ने अपनी कारों की सेल्स से जुड़ा डेटा जारी करते हुए कहा है कि उसकी ईयरली सेल्स में 18 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। किआ के अनुसार अप्रैल 2022 में कंपनी ने 19,019 यूनिट्स कारें बेची। वहीं अप्रैल 2021 में कंपनी को 16,111 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था। अप्रैल 2022 में किआ का मार्केट शेयर भी 6.5 प्रतिशत रहा जो पिछले साल अप्रैल के मुकाबले 0.9 प्रतिशत से बढ़कर यहां तक पहुंचा है। किआ की सेल्स बढ़ने में सबसे बड़ा योगदान सेल्टोस का रहा जिसकी पिछले महीने 7506 यूनिट्स मार्केट में बिकी है। दूसरी तरफ सोनेट और कार्निवल एमपीवी की क्रमश: 5404 एवं 355 यूनिट्स बिकी। फरवरी में लॉन्च हुई किआ केरेंस की भी अब तक 5754 यूनिट्स डिस्पैच की जा चुकी है। 

कार सेल्स अप्रैल 2022: दोगुना बढ़ी टाटा कारों की बिक्री,  लगातार गिरावट के दौर से गुजर रही मारुति-हुंडई
To Top