Tata Safari ADAS
ऑटो इंडस्ट्री

मार्च 2022 कार सेल्स रिपोर्ट: टाटा-महिंद्रा की कारों की भारी रही डिमांड, मारुति-हुंडई की सेल्स में गिरावट जारी

मार्च 2022 की कार सेल्स रिपोर्ट सामने आ चुकी है। सेल्स के लिहाज से काफी कारमेकर्स के लिए पिछला महीना काफी अच्छा बीता मगर मारुति,हुंडई जैसी देश की टॉप 2 कारमेकर्स की सालाना सेल्स में गिरावट का दौर जारी है। दूसरी तरफ टाटा मोटर्स की कारों की डिमांड लगाता बढ़ती जा रही है जहां उसने इस बार फिर से 40,000 यूनिट्स से ज्यादा कारें बेचने का आंकड़ा पार किया। स्कोडा इंडिया ने भी दो दशक के बाद किसी एक महीने में सबसे ज्यादा कारें बेचने का रिकॉर्ड बनाया है। हमनें यहां देश के टॉप कार मैन्युफैक्चरर्स की सेल्स से जुड़े पूरे आंकड़ों का ब्यौरा नीचे दिया है जिसपर आप भी डालिए एक नजर:

मारुति 

2022 Maruti Ertiga Launch

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के लिए साल 2022 के शुरूआती तीन महीने अच्छे नहीं रहे हैं। जनवरी और फरवरी 2022 में सेल्स ग्राफ नीचे गिरने के बाद मार्च में भी कंपनी की सेल्स ​में गिरावट दर्ज हुई है। मारुति को मार्च 2022 में कुल 1,70,395 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा प्राप्त हुआ। कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,37,658 यूनिट्स कारें बेची जबकि 6,241 यूनिट्स टोयोटा को सप्लाय की गई। घरेलु बाजार में कम बिक्री के बावजूद कंपनी ने मार्च 2022 में सबसे ज्यादा 26,496 यूनिट्स कारें एक्सपोर्ट भी की। फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में कंपनी का एक्सपोर्ट आंकड़ा 2,38,376 यूनिट्स रहा। 

हुंडई 

Hyundai Creta India

मारुति सुजुकी और हुंडई मोटर्स की सालाना ग्रोथ में गिरावट दर्ज की गई है। दोनों ही कंपनियों को सेमी कंडक्टर की शॉर्टेज से नुकसान पहुंचा है। पिछले महीने हुंडई मोटर्स की कुल 55,287 यूनिट्स कारें बिकी और कंपनी की ईयरली सेल्स में 14.4 प्रतिशत की गिरावट आई। मार्च 2021 में हुंडई ने 64,621 यूनिट्स कारें बेची थी। कंपनी ने मार्च 2022 में भारत में 44,600 यूनिट्स कारें बेची जबकि पिछले साल मार्च में हुंडई को 52,600 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था। ऐसे में पिछले साल मार्च के मुकाबले घरेलु बाजार में कंपनी ने 15.21 प्रतिशत कारें बेची। हालांकि फरवरी 2022 के मुकाबले मार्च 2022 में हुंडई ने ज्यादा कारें बेची क्योंकि फरवरी 2022 में उसकी सेल्स 44,050 यूनिट्स रही थी। 

टाटा मोटर्स

Tata Altroz DCT Automatic

सेल्स के मामले टाटा को मार्च 2022 के महीने में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। सेल्स चार्ट में लगातार कंपनी तीसरे स्थान पर बनी हुई है। मार्च 2022 में टाटा को 42,293 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला जबकि ​पिछले साल मार्च में कंपनी की मार्केट में 29,654 यूनिट्स बिकी थी। ऐसे में कंपनी की सालाना ग्रोथ में 42.62 प्रतिशत का उछाल आया है। फरवरी में टाटा ने 39980 यूनिट्स कारें बेची और इसके कंपेरिजन में मार्च में कंपनी ने 5.79 प्रतिशत ज्यादा कारें बेची है। 

महिंद्रा 

Mahindra XUV700 ADAS

मार्च 2022 में महिंद्रा चौथी सबसे ज्यादा व्हीकल्स बेचने वाली कंपनी रही। पिछले महीने इस एसयूवी स्पेशलिस्ट कंपनी की एक्सयूवी700,थार,बोलेरो और स्कॉर्पियो को कस्टमर्स का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। महिंद्रा एक्सयूवी700 की डिमांड में लगातार इजाफा भी हो रहा है। आंकड़ो की बात की जाए तो मार्च 2022 में महिंद्रा ने 27,603 यूनिट्स पैसेंजर व्हीकल्स बेचे। मार्च 2021 में महिंद्रा ने 16,700 यूनिट्स व्हीकल्स बेचे थे। ऐसे में इसकी ईयरली सेल्स ग्रोथ में 67 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। 

किआ इंडिया

Kia Carens Styling

किआ मोटर्स ने अपने अनंतपुर प्लांट में 5,00,000 यूनिट्स तैयार करने का आंकड़ा छू लिया है। इनमें से कंपनी ने भारत में 4 लाख यूनिट्स व्हीकल्स बेचे तो वहीं 1 लाख यूनिट्स को एक्सपोर्ट किया है। किआ इंडिया के लिए मार्च 2022 का महीना काफी अच्छा गया है जहां पिछले महीने कंपनी ने 22,622 यूनिट्स कारें बेची। मार्च 2021 में किआ की 19,100 यूनिट्स कारें बिकी थी इस तरह कंपनी की सालाना ग्रोथ 18.44 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं कंपनी की मासिक ग्रोथ में 24.84 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। बता दें कि इस वक्त किआ केरेंस एमपीवी को जबरदस्त बुकिंग के आंकड़े मिल रहे हैं। 

एमजी मोटर्स 

MG Astor India

एमजी मोटर्स की सालाना बिक्री 14.60 प्रतिशत की दर से घटी है। मार्च 2022 में कंपनी ने बाजार में 4,721 यूनिट्स कारें बेची जबकि मार्च 2021 में ये आंकड़ा 5,528 यूनिट्स था। हालांकि फरवरी के मुकाबले मार्च 2022 में कंपनी की सेल्स अच्छी रही जिसमें 4.26 प्रतिशत का मासिक इजाफा हुआ है। 

टोयोटा 

New Toyota Glanza CNG Mileage

पिछले 5 सालों में टोयोटा के लिए मार्च 2022 का महीना काफी अच्छा साबित हुआ है। मार्च 2021 के मुकाबले मार्च 2022 में कंपनी ने 2130 यूनिट्स ज्यादा कारें बेची है। वहीं फरवरी 2022 के मुकाबले मार्च 2022 कंपनी ने 8,386 यूनिट्स ज्यादा कारें बेची। मार्च 2022 में टोयोटा ने कुल 17,131 यूनिट्स कारें बेची। जबकि मार्च 2021 में कंपनी ने 15,001 यूनिट्स कारें बेची थी। फरवरी 2022 में कंपनी को 8745 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े मिले थे और इसकी मासिक ग्रोथ में 95.89 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। टोयोटा की ग्लैंजा हैचबैक को इस वक्त बाजार से अच्छी डिमांड मिल रही है। इस कार का हाल ही में अपडेटेड मॉडल बाजार में लॉन्च किया गया है। ऐसे में आने वाले समय में भी ये कार कंपनी की सेल्स रिपोर्ट में और ज्यादा सुधार कर सकती है। 

होंडा 

Honda Amaze

भारत में होंडा काफी समय से कार बेचने के मामले में अच्छा परफॉर्म नहीं कर पा रही है। मार्च 2022 में कंपनी ने 6589 यूनिट्स कारें बेची जबकि मार्च 2021 में कंपनी को 7103 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था। मार्च 2022 से ज्यादा सेल्स के लिहाज से कंपनी के लिए फरवरी महीना ठीक रहा था जहां उसे 7187 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े प्राप्त हुए। कंपनी की सालाना सेल्स ग्रोथ में जहां 7.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है तो वहीं मासिक ग्रोथ में 8.32 प्रतिशत की गिरावट आई है। आने वाले कुछ सप्ताह में होंडा की ओर सिटी सेडान का हाइब्रिड मॉडल लॉन्च किया जाएगा। 

स्कोडा 

Skoda Kushaq Prices

मार्च 2022 में स्कोडा को शानदार बिक्री के आंकड़े प्राप्त हुए हैं। पिछले महीने कंपनी ने बाजार में 5,608 यूनिट्स कारें बेची जो दो दशकों में अब तक के सबसे उच्च स्तर पर है। पिछले साल इसी महीने स्कोडा की 1,159 यूनिट्स मार्केट में बिकी थी। कंपनी का कहना है कि उसकी कुशाक एसयूवी की बाजार में अच्छी खासी डिमांड चल रही है। कंपनी ने हाल ही में नई मिड साइज सेडान स्लाविया को भी लॉन्च किया है जिसे आने वाले समय में अच्छी खासी बिक्री के आंकड़े मिलने का अनुमान है। 

निसान 

Nissan Magnite Concept Specs

निसान इंडिया ने अपना मार्च 2022 का सेल्स डेटा जारी करते हुए बताया कि मार्च 2022 में उसकी कारों की सिर्फ 3,007 यूनिट्स बिक पाई और सालाना सेल्स में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। पिछले साल मार्च में निसान ने घरेलू बाजार मेंं 4012 यूनिट्स कारें बेची थी। निसान मोटर के मैनेजिंग डायरेक्ट राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि मार्च 2022 में कंपनी की मैग्नाइट एसयूवी को जबरदस्त बिक्री के आंकड़े मिले। इस कार की अब तक 1 लाख से ज्यादा युनिट्स बुक हो चुकी है। 

मार्च 2022 कार सेल्स रिपोर्ट: टाटा-महिंद्रा की कारों की भारी रही डिमांड, मारुति-हुंडई की सेल्स में गिरावट जारी
To Top