OLA Electric Scooter Launch
बाइक न्यूज़

इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स सेल्स डेटा: सेगमेंट में आया 460 प्रतिशत का बड़ा उछाल, पेट्रोल के बढ़ते दामों से होने लगा फायदा

पेट्रोल के दामों में तेजी के चलते कस्टमर्स ने लिया इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स का सहारा

फाइनेंशियल ईयर 2022 में इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स की सेल्स में ब़ड़ी ग्रोथ दर्ज हुई है। अप्रैल 2021 से लेकर मार्च 2022 के बीच देश में 2,31,338 इलेक्ट्रिक बाइक/स्कूटर्स की बिक्री दर्ज हुई है। इसके अलावा देश में नए इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर स्टार्टअप कंपनियां भी खुली। हालांकि इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में हाल ही के दौर में आगजनी की घटनाओं का असर इनकी बिक्री पर नहीं पड़ा है। पेट्रोल के लगातार बढ़ते दामों को देखते हुए आने वाले कुछ महीनों में इनकी बिक्री में और भी ज्यादा इजाफा होते हुए देखा जा सकता है। 

2021 में बिके केवल 41,046 यूनिट्स इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर

Simple One Electric scooter Price

सेल्स डेटा पर गौर करें तो फाइनेंशियल ईयर 2021 में देश में केवल 41,046 यूनिट्स इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स की बिक्री हुई जबकि वित्त वर्ष 2022 में 2,31,338 यूनिट्स इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बिके। इस तरह से इस सेगमेंट की ग्रोथ में 460 प्रतिशत का एक बड़ा उछाल आया है। देश में सबसे ज्यादा ई-2-व्हीलर्स बेचने वाली कंपनी हीरो इलेक्ट्रिक रही जिसके लाइनअप में अभी Photon HX, Optima HX, NYX HX और Flash LX जैसे इलेक्ट्रिक व्हीकल्स शामिल है। फाइनेंशियल ईयर 2021 के दौरान जहां हीरो ने 14,771 यूनिट्स इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स बेचे तो वहीं 2022 में कंपनी को 65,303 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा प्राप्त हुआ। हालांकि कंपनी 2021 के मुकाबले 2022 में कंपनी का मार्केट शेयर 35.99 प्रतिशत से गिरकर 28.23 प्रतिशत जा पहुंचा है। 

ओकिनावा दूसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर कंपनी 

Okinawa iPraise+ features

इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर की डिमांड बढ़ने के बाद ओकिनावा ऑटोटेक देश की दूसरी सबसे बड़ी ई 2-व्हीलर मैन्युफैक्चरर के तौर पर सामने आई है। फाइनेंशियल ईयर 2021 में कंपनी का सेल्स डेटा 6,972 यूूनिट्स रहा जबकि 2022 में कंपनी ने 46,447 यूनिट्स इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर बेचे। ऐसे में कंपनी का मार्केट शेयर 16.99 प्रतिशत से बढ़कर 20.8 प्रतिशत तक जा पहुंचा है। बता दें कि मौजूदा समय में ओकिनावा के लाइनअप में 6 मॉडल्स: i-Praise, Praise, Ridge +, R30, Lite और Dual जैसे प्रोडक्टस शामिल है जिनकी प्राइस 59,000 रुपये से लेकर 1,09,000 रुपये के बीच है। 

नंबर 3,4 एवं 5 के स्थान पर मौजूद एंपेयर,एथर और प्योर ईवी को भी अच्छी खासी ग्रोथ मिली है। फाइनेंशियल ईयर 2021 में जहां एंपेयर ने महज 5903 इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बिक्री की थी तो वहीं फाइनेंशियल ईयर 2022 में कंपनी ने बड़ी ग्रोथ के साथ 24,648 यूनिट्स ई 2-व्हीलर बेचे। कंपनी के लाइनअप में अभी 5 स्कूटर्स: Rio, Rio Elite, Magnus EX, Magnus Pro और Zeal शामिल है जिनकी मार्केट में अब काफी डिमांड है। 

एथर एनर्जी के इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स की सेल्स में भी बड़ा इजाफा हुआ है। कंपनी 2021 में केवल 4401 यूनिट्स बेच पाई थी मगर कंपनी ने 2022 में 19,971 यूनिट्स बेची। कंपनी के Ather 450 Plus और Ather 450X मार्केट में काफी पॉपुलर है जिनकी प्राइस क्रमश: 1.31 लाख और 1.50 लाख रुपये है। 

टॉप 10 इलेक्ट्रिक 2 व्हीलकर कंपनियों की लिस्ट में पांचवे पायदान पर प्योर एनर्जी है जिसने 2021 में 2079 यूनिट्स बेची थी। मगर इसके बाद कंपनी को एक बड़ी ग्रोथ मिली जहां 2022 में उसने 14,862 यूनिट्स बेचे। इसका मार्केट शेयर भी अब 5.07 प्रतिशत से बढ़कर 6.42 प्रतिशत हो गया है। 

ओला, टीवीएस, रिवोल्ट और बजाज

Bajaj Chetak

इस समय काफी विवादों में चल रही ओला के इलेक्ट्रिक स्कूटरों की भी मार्केट में अच्छी खासी डिमांड है। 2022 में कंपनी ने 14,371 यूनिट्स इलेक्ट्रिक स्कूटर्स बेचे हैं। 2021 में महज 837 यूनिट्स बेच पाई टीवीएस ने 2022 में 9,458 यूनिट्स इलेक्ट्रिक स्कूटर्स बेचे। कंपनी का मार्केट शेयर भी दोगुना होकर 2.04 प्रतिशत से 4.09 प्रतिशत हो गया है। इसी तरह रिवॉल्ट ने भी जहां 2021 में महज 1,793 यूनिट्स ही बेची थी उसे भी 2022 में 7623 यूनिट्स का बड़ा आंकड़ा प्राप्त हुआ है। 

लिस्ट में 9वे पायदान पर बेनलिंग इंडिया है जिसने मार्केट में 2022 के दौरान 7084 यूनिट्स इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स बेचे है जबकि 2021 में कंपनी को सिर्फ 1108 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा ही मिला था। 10वे पायदान पर बजाज ऑटो है जिसने 2022 के दौरान मार्केट में चेतक स्कूटर की 7012 यूनिट्स बेची। 

इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स सेल्स डेटा: सेगमेंट में आया 460 प्रतिशत का बड़ा उछाल, पेट्रोल के बढ़ते दामों से होने लगा फायदा
To Top