Tata Nexon Dark Edition
ऑटो इंडस्ट्री

जनवरी 2022 कार सेल्स रिपोर्ट: टाटा का जलवा बरक़रार, मारुति और हुंडई को नुकसान

टाटा मोटर्स की सेल्स ग्रोथ में उड़ान का दौर जारी है मगर इसबार ये कंपनी हुंडई मोटर्स से पिछड़ी है। 

जनवरी 2022 की कार सेल्स रिपोर्ट सामने आ चुकी है। देश की प्रमुख ऑटो मैन्युफैक्चरर्स के लिए नए साल का पहला ही महीना कुछ खास नहीं रहा है। आंकड़ो के मुताबिक मारुति,हुंडई,महिंद्रा,होंडा,टोयोटा जैसी कंपनियों की सेल्स में गिरावट दर्ज हुई है जबकि टाटा मोटर्स को जनवरी 2022 में पॉजिटिव सेल्स रिस्पॉन्स मिला है। हालांकि अब टाटा मोटर्स देश की टॉप मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की लिस्ट में दूसरे स्थान से फिसलकर फिर तीसरे स्थान पर आ गई है। जनवरी 2022 में ​किस कार मैन्युफैक्चरर को मिले कितने बिक्री के आंकड़े इसके बारे में आप जानेंगे आगे:

मारुति 

Maruti Sales January 2022

मारुति की सालाना सेल्स में 3.96 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। जनवरी 2022 में मारुति ने घरेलु बाजार में 1,32,461 यूनिट्स कारें बेची है। एक्सपोर्ट और टोयोटा को रीबैज्ड मॉडल्स सप्लाय करने को मिलाकर कंपनी को कुल 1,54,379 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा प्राप्त हुआ। जनवरी 2021 में कंपनी को 1,60,752 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था। कंपनी की ऑल्टो और एस प्रेसो को सबसे ज्यादा 18,634 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला जबकि बलेनो,सिलेरियो,इग्निस,डिजायर,स्विफ्ट,टूर एस और वैगन आर की कंबाइंड सेल्स 71,472 यूनिट्स बिकी। मारुति सियाज सेडान को पिछले महीने 1,666 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े मिले तो वहीं अर्टिगा,एस क्रॉस,विटारा ब्रेजा और एक्सएल6 की कंबाइंड सेल्स 26,624 यूनिट्स रही। 

हुंडई 

Hyundai Sales

जनवरी 2022 में टाटा मोटर्स को पछाड़कर हुंडई एक बार फिर से देश की नंबर 2 कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बनी है। जनवरी 2022 में हुंडई की कुल 44,000 यूनिट्स कारें मार्केट में बिकी जबकि पिछले साल इसी महीने कंपनी को 52,000 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े प्राप्त हुए थे। इस तरह हुंडई की सालाना बिक्री में 15.35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। 

टाटा मोटर्स 

Tata Sales

टाटा मोटर्स की सेल्स में लगातार ग्रोथ का सिलसिला जारी है। जनवरी 2022 में भी कंपनी को पॉजिटिव सेल्स मिली है। खास बात ये भी है कि टाटा को पहली बार किसी महीने 40,000 यूनिट्स से ज्यादा बिक्री का आंकड़ा मिला है और ये काफी कम मार्जिन से हुंडई से ​पीछे रही। कंपनी की एसयूवी कारों की जनवरी 2021 में सबसे ज्यादा 28,108 यूनिट्स बिकी। वहीं टाटा की ईवी को भी बाजार से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और पिछले महीने उसने 2892 यूनिट्स इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की। टाटा पंच और नेक्सन ने 10,000 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा छुआ है। वहीं जनवरी में लॉन्च हुई टिएगो और टिगॉर सीएनजी को भी 3000 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला। 

महिंद्रा 

Mahindra XUV700 Waiting Period

सेमी कंडक्टर चिप्स की शॉर्टेज के कारण लगभग हर ऑटोमैन्युफैक्चरर की तरह महिंद्रा के लिए भी जनवरी 2022 का महीना अच्छा नहीं रहा है। कंपनी की सालाना सेल्स में 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है जहां पिछले महीने महिंद्रा को 19,964 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला जबकि जनवरी 2021 में महिंद्रा की 20,634 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े मिले थे। जनवरी 2022 में महिंद्रा 19,848 यूनिट्स यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट की कारें बेची जबकि जनवरी 2021 में कंपनी ने इसी सेगमेंट से 20,498 कारें बेची थी। 

टोयोटा 

2021 Toyota Innova Crysta

जनवरी 2022 में टोयोटा ने भारत में कुल 7328 यूनिट्स कारें बेची। जबकि जनवरी 2021 में टोयोटा को 11,126 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े प्राप्त हुए थे और इसकी सालाना सेल्स में 34 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। टोयोटा का कहना है कि मारुति के साथ जॉइन्ट वेंचर से उसे काफी फायदा पहुंचा है और उसके ग्लैंजा और अर्बन क्ररूजर जैसे रीबैज्ड मॉडल्स को मार्केट से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। बता दें कि टोयोटा मारुति के साथ मिलकर एक नई मिड साइज एसयूवी भी लॉन्च करेगी जो इस साल फेस्टिवल सीजन तक मार्केट में आएगी। वहीं टोयोटा एक नई सी सेगमेंट एमपीवी और मारुति सियाज के रीबैज्ड मॉडल बेल्टा को भी लॉन्च करेगी। 

एमजी मोटर्स 

एमजी एस्टर

एमजी मोटर्स ने 19.54 प्रतिशत की ईयरली ग्रोथ के साथ जनवरी 2022 में 4,306 यूनिट्स कारें बेची है। जनवरी 2021 में एमजी को 3602 यूनिट्स बिक्री के आंकड़े प्राप्त हुए थे। एमजी की मासिक बिक्री में भी 72.45 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज हुई है। एमजी की ग्लोस्टर और हेक्टर को यहां अच्छे खासे बिक्री के आंकड़े मिल रहे हैं और कंपनी दो साल पहले लॉन्च की गई जेडएस ईवी की अब तक 4000 यूनिट्स मार्केट में बेच चुकी है। 

होंडा

होंडा Amaze Facelift launched

हर महीने की तरह होंडा की कारों की बिक्री में लगातार गिरावट का दौर जारी है। कंपनी अब यहां लिमिटेड कारें ही बेच रही है जिसका उसकी सेल्स पर असर पड़ रहा है। भारतीय बाजार में जनवरी 2022 में होंडा ने कुल 10,427 कारें बेची। पिछले साल इसी महीने होंडा को 11,319 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था। कंपनी की सालाना सेल्स में 7.88 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि अच्छी बात ये रही है कि होंडा की मासिक ग्रोथ में इसबार 30 प्रतिशत का इजाफा जरूर हुआ है। 

किआ इंडिया

Kia Sonet Anniversary Edition

किआ बहुत जल्द अपनी नई एमपीवी कारेंस को भारत में लॉन्च करने जा रही है। कंपनी का मानना है कि उसकी सेल्स को कारेंस एमपीवी से और ज्यादा बूस्ट मिल सकता है। हाल फिलहाल किआ को जनवरी 2022 में 1.4 प्रतिशत ईयरली सेल्स बूस्ट मिला है जहां कंपनी ने 19,319 यूनिट्स कारें बेची। कंपनी की सेल्स में सेल्टोस का सबसे ज्यादा योगदान रहा जहां पिछले महीने इस एसयूवी की 11,483 यूनिट्स मार्केट में बिकी। यहां तक की जनवरी 2022 की टॉप 10 कारों की लिस्ट में सेल्टोस अपनी जगह बनाने में कामयाब रही। बता दें कि किआ को अपकमिंग कारेंस एमपीवी की 24 घंटो में ही 7,738 बुकिंग मिल चुकी है। 

स्कोडा

Skoda Kushaq Prices

स्कोडा ने जनवरी 2022 में 3009 यूनिट्स कारें बेची जबकि जनवरी 2021 में इस कंपनी को 1004 यूनिट्स बिक्री का आंकड़ा मिला था। इस तरह से कंपनी की ईयरली सेल्स में 200 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। स्कोडा की सेल्स ग्रोथ में जुलाई 2021 में लॉन्च हुई कुशाक एसयूवी का काफी अहम योगदान रहा है। वहीं कंपनी कुछ समय बाद ही मार्केट में स्लाविया मिड साइज सेडान को भी लॉन्च करेगी। 
यह भी पढ़ें: बजट 2022: ऑटो इंडस्ट्री के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं, गाड़ियां सस्ती करने का भी नहीं हुआ ऐलान

जनवरी 2022 कार सेल्स रिपोर्ट: टाटा का जलवा बरक़रार, मारुति और हुंडई को नुकसान
To Top