Mahindra XUV700 Waiting Period
कार न्यूज़

महिंद्रा XUV700 ने छुआ 1 लाख यूनिट्स बुकिंग का आंकड़ा, वेटिंग पीरियड दो साल तक पहुंचा

जल्दी से जल्दी डिलीवरी भी इस साल दिवाली तक

एसयूवी स्पेशलिस्ट महिंद्रा ने हाल ही में घोषणा की है कि उसने अपनी एक्सयूवी700 एसयूवी की 14,000 यूनिट्स कस्टमर्स को डिलीवर कर दी है वहीं इस कार को अब तक 1 लाख यूनिट्स ​बुकिंग का आंकड़ा मिल चुका है। इस कार को मिल रही जबरदस्त डिमांड का असर इसके वेटिंग पीरियड पर पड़ रहा है जो कुछ केस में दो साल तक पहुंच गया है। 

86,000 कस्टमर्स को अब भी डिलीवरी का इंतजार

महिंद्रा XUV700 variant-wise prices

बता दें कि पिछले साल 30 अक्टूबर से महिंद्रा एक्सयूवी700 के पेट्रोल वेरिएंट्स की डिलीवरी शुरू की गई थी। इसके बाद नवंबर के आखिर में इस कार के डीजल वेरिएंट्स की डिलीवरी शुरू की गई। 7 अक्टूबर 2021 से महिंद्रा ने इस एसयूवी की बुकिंग स्टार्ट की थी जिसके बाद महज दो दिन के भीतर इसे 50,000 ऑर्डर्स मिले। दो सप्ताह बाद ही ये आंकड़ा 65000 ऑर्डर पर पहुंच गया इसके बाद फिर इसे 35000 यूनिट्स के आंकड़े भी मिले। महिंद्रा एक्सयूवी700 के 86000 कस्टमर्स को अब भी अपनी इस एसयूवी मिलने का इंतजार है। 

क्या कहता है वेटिंग पीरियड का गणित

ज्यादा डिमांड और सेमी कंडक्टर की शॉर्टेज के चलते एक्सयूवी700 का वेटिंग पीरियड बढ़ता ही जा रहा है। इस कार के AX7 Luxury वेरिएंट पर करीब 84 सप्ताह यानी एक साल और 8 महीने तक का वेटिंग पीरियड चल रहा है। एड्रीनो एक्स इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस AX3, AX5 और AX7 जैसे वेरिएंट्स पर कम से कम 8 महीने तक का वेटिंग पीरियड दिया जा रहा है। वहीं एंट्री लेवल वेरिएंट MX को यदि आप आज बुक कराते हैं तो इसकी डिलीवरी के लिए आपको 7 महीने तक का लंबा इंतजार करना पड़ेगा। वेरिएंट के अनुसार इस साल दिवाली के आसपास ही इसकी सबसे जल्दी डिलीवरी दी जा सकती है। 

लंबे वेटिंग पीरियड के बावजूद डिमांड में कमी नहीं

महिंद्रा XUV700 variants

कुछ डीलरशिप्स का कहना है कि एक्सयूवी700 पर चल रहे लंबे वेटिंग पीरियड के बावजूद कार की डिमांड में कोई कमी नहीं है और लोग बुकिंग अमाउंट भी वापस नहीं मांग रहे हैं। लंबी फीचर लिस्ट और दमदार इंजन ऑप्शंस के कारण इस कार को ऐसा रिस्पॉन्स मिलना लाजमी है। इसके  अलावा महिंद्रा ने अपने कस्टमर्स को डिलीवरी स्टेटस की सटीक जानकारी देने के लिए एक खास सिस्टम भी तैयार किया है जो ग्राहकों को उनकी लोकेशन के अनुसार सारी जानकारी दे रहा है। 

ऐसे मिल सकती है जल्द डिलीवरी

कुछ ​डीलर्स कस्टमर्स को महिंद्रा एक्सयूवी700 के लोअर वेरिएंट लेने की सलाह दे रहे हैं जिनपर कम वेटिंग पीरियड दिया जा रहा है। वहीं महिंद्रा इस कार का वेटिंग पीरियड कम करने के लिए AX7 Smart trim  नाम से एक नया वेरिएंट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ये वेरिएंट टॉप मॉडल  AX7 Luxury के मुकाबले 80,000 रुपये तक सस्ता पड़ेगा। हालांकि इसमें कुछ फीचर्स नहीं दिए जाएंगे जिनमें सेमी कंडक्टर चिप्स का इस्तेमाल किया जाता है। 

महिंद्रा XUV700 की मौजूदा कीमत 

महिंद्रा एक्सयूवी700 5 और 7 सीटर कॉन्फिग्रेशन में उपलब्ध है। ये MX और AX सीरीज में उपलब्ध है जिसकी प्राइस 12.96 लाख रुपये से शुरू होकर 23.80 लाख रुपये तक पहुंचती है। महिंद्रा एक्सयूवी700 में 2.0 लीटर पेट्रोल और 2.2 लीटर डीजल दोनों तरह के इंजन की चॉइस दी गई है। दोनों इंजन के साथ 6 स्पीड मैनुअल और 6 स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प रखे गए हैं। वहीं टॉप वेरिएंट्स में डीजल इंजन के साथ ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम भी दिया गया है। महिंद्रा का कहना है इस कार की कुल डिमांड में पेट्रोल मॉडल की 35 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी है जिसमें भी 60 प्रतिशत शेयर ऑटोमैटिक वेरिएंट का है। मार्केेट में इस कार के 5 सीटर मॉडल का मुकाबला हुंडई क्रेटा,किआ सेल्टोस,टाटा हैरियर और एमजी हेक्टर से है। वहीं इसके 7 सीटर मॉडल का मुकाबला हुंडई अल्कजार,टाटा सफारी और एमजी हेक्टर प्लस से है। 

महिंद्रा XUV700 ने छुआ 1 लाख यूनिट्स बुकिंग का आंकड़ा, वेटिंग पीरियड दो साल तक पहुंचा
To Top